नागपुर-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

बेंगलुरु: नागपुर से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान का आपातकालीन निकास द्वार खोलने का प्रयास करने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान स्वप्निल होले के रूप में हुई है, जो 30 सितंबर को रात करीब 10 बजे नागपुर से इंडिगो की बेंगलुरु जाने वाली उड़ान संख्या 6ई 6803 में चढ़ा था।

पुलिस के मुताबिक, यात्री विमान के आपातकालीन निकास द्वार के पास बैठा था। विमान के उड़ान भरने से पहले जब चालक दल के सदस्य यात्रियों को उड़ान संबंधी जानकारी दे रहे थे, तभी आरोपी ने कथित रूप से दरवाजे को खोलने का प्रयास किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विमान रात 11.55 बजे जब यहां केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, तो होले को एयरलाइन कर्मी थाने ले गये। पुलिस ने बताया कि होले को एक अक्टूबर को बैंकॉक की उड़ान लेनी थी। एयरलाइन कर्मियों की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 336 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।

Edited by : Switii Titirmare 

Leave a Comment